शहर के लिंजीगंज बाजार में सड़क तक अतिक्रमण। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर के फुटपाथों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 20 अप्रैल से अभियान चलेगा। नाला-नालियों पर हुए कब्जे भी हटाए जाएंगे। इस बार अभियान 21 दिन चलेगा।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने 11 अप्रैल को कर-करेत्तर की बैठक में नगर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कहा था कि लोगों ने नाले-नालियों पर अतिक्रमण कर रखा है, लिहाजा सफाई नहीं हो पाती। ऐसे में बारिश में शहर के लोगों को जलभराव से जूझना पड़ता है। डीएम ने ईओ को सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
ईओ ने कार्ययोजना तैयार कर डीएम के पास भेज दी है। अभियान 20 अप्रैल से शुरू होकर 18 मई तक चलेगा। अवकाशों को छोड़कर कुल 21 दिन के चलने वाले अभियान में इस बार अवैध कब्जेदारों से भी सख्ती से निपटा जाएगा। ईओ ने पुलिस फोर्स की मांग भी की है।
कछियाना भूमिगत नाले को कब मिलेगी मुक्ति
तलैया फजल इमाम से गंगानगर, कछियाना, अंगूरी बाग होते हुए नाला जाता है। इसी से 12 मोहल्लों का पानी निकलता है। कछियाना मोहल्ले में नाले का करीब 400 मीटर हिस्सा भूमिगत है, जिस पर 25 से अधिक तीन मंजिला इमारतें खड़ी हैं। लिहाजा नाले के ओवरफ्लो होने पर पानी गलियों से होकर गुजरता है। नगर पालिका का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।