फोटो-27 उखरा स्थित पारेषण परियोजना का निरीक्षण करतीं डीएम डॉ. अंकुर लाठर। स्रोत: सूचना विभाग
फर्रुखाबाद। उखरा स्थित निर्माणाधीन 400/220/132 केवी विद्युत पारेषण केंद्र का जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को निरीक्षण किया। करीब 926.77 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना के पूरा होने से फर्रुखाबाद-कन्नौज को बेहतर बिजली मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (पारेषण) दीपिका पांडेय ने जिलाधिकारी को बताया कि पारेषण केंद्र में 400 केवी की दो विद्युत लाइनें जनपद बदायूं से तथा दो लाइनें उरई (जनपद जालौन) से जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था। वर्तमान में 400 केवी स्तर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 220 केवी एवं 132 केवी स्तर के लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरे कर लिए गए हैं। शेष कार्य को 31 मई तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य है।
अधिकारियों ने बताया कि इस पारेषण केंद्र के चालू होने के बाद फर्रुखाबाद और कन्नौज जनपदों में विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। इससे क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते रहने के भी निर्देश दिए।