फतेहगढ़ स्थित शेल्टर होम में प्रयागराज से लौटे युवक की थर्मल स्क्रीनिंग करते डॉक्टर। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। प्रयागराज में पढ़ाई व कोचिंग कर रहे जिले के 26 छात्र-छात्राओं को गुरुवार सुबह रोडवेज बस से फतेहगढ़ के शेल्टरहोम ले जाया गया। वहां चिकित्सीय टीम बुलाकर उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। इसके बाद सभी को 14 दिन तक घर में क्वारंटीन रहने के निर्देश देकर भेज दिया गया।
जनपद के फतेहगढ़, कंपिल, कायमगंज, अमृतपुर क्षेत्र के 26 छात्र व छात्राएं प्रयागराज में रहकर कॉलेज व कोचिंग सेंटरों में पढ़ाई कर रहे थे। इस सभी छात्र-छात्राओं को रोडवेज बस से भेजा गया। शेल्टर होम में सभी छात्र-छात्राओं को उतारकर स्वास्थ्य विभाग टीम बुलाई गई।
राष्ट्रीय मेडिकल मोबाइल यूनिट के डा. मोहित सिंह, आशुतोष सक्सेना, अमृत सिंह व रूपा ने छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग की। कोई भी बुखार से पीड़ित नहीं मिला। सिटी मजिस्ट्रेट अशोक मौर्य ने बताया कि सभी को घर में 14 दिन तक क्वारंटीन रहने की सलाह देकर भेज दिया गया है।