फर्रुखाबाद में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे कानपुर से लोडर पर पुट्टी लादकर जा रहे चालक की झपकी लगने से लोडर ने कमालगंज कस्बे की पुलिय के पास चाय की दुकान से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुकानदार उछलकर 10 फीट दूर जाकर गिरा।
परिजन गंभीर हालत में दुकानदार चंद्रप्रकाश गुप्ता (65) को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोचिंग पढ़ने जाते समय चाय पीने के लिए दुकान पर रुका कन्नौज जिले के थाना तालग्राम के गांव उमरपुर निवासी दीपू पुत्र तिलक सिंह की स्थिति गंभीर होने से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। बगल में स्थित दुकानदार छोटू के भी चोट लगी है। चालक चमनगंज कानपुर निवासी आमिर को लोगों ने थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।