घटना स्थल पर लगी भीड़ व जांच पड़ताल करती पुलिस। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। रेलवे स्टेशन के मालगोदाम परिसर में एक युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने उसकी जेब से कागजात निकालकर मिले नंबर पर संपर्क किया, तो भाई का साला पहुंचा। उसने कन्नौज के सुनील के रूप में शिनाख्त की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
रेलवे मालगोदाम पर एक युवक कई महीनों से मजदूरी करता था। रैक अनलोड कर वह इधर-उधर लेट जाता था। मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे कुछ लोगों ने एक युवक को कंबल बिछाकर ओढ़े लेटा देखा। जब वह धूप निकलने पर भी नहीं उठा, तो आवाज दी। कोई हरकत न होने पर आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने देखा, तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना पुलिस पहुंची। तलाशी में उसके पास मिले नंबर पर संपर्क करने पर शमसाबाद थाने के गांव रसूलाबाद निवासी टीटू दीक्षित पहुंचे। उन्होंने अपने बहनोई के छोटे भाई सुनील दुबे (40) पुत्र विद्याराम, निवासी गांव नेरा थाना कन्नौज के रूप में की।
टीटू ने बताया कि यह चार भाइयों में सबसे छोटा था। विवाह नहीं हुआ था। जमीन बेचकर चले आते थे। कुछ दिन पहले भी जमीन बेची थी। टीटू ने अपने बहनोई को सूचना दी। यहां पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सुनील के मृत मिलने की सूचना लिखित में दी। दरोगा संदीप ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम भेजा है। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि देखने में युवक नशेड़ी लग रहा था। आसपास के लोग भी इसे नशे का आदी बता रहे हैं। आशंका है कि रात में पीने के बाद खुले में लेट गया। सर्दी की वजह से मौत हो गई होगी।