फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को दिल्ली के एम्स में बेड न मिलने पर हरियाणा के झज्जर स्थित अस्पताल (एम्स की एक शाखा) में भर्ती कराया गया है। बता दें कि उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सौभाग्यवती राजपूत, भतीजा राहुल राजपूत पांच दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
यह सभी होमआइसोलेट थे। सभी का इलाज डॉ. ऋषि गुप्ता कर रहे थे। सांसद की हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें दिल्ली के बड़े अस्पताल में ले जाने की परिजनों को सलाह दी। दिल्ली के एम्स में बेड न मिलने पर उन्हें हरियाणा के झज्जर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उनके पीएस अनूप मिश्रा ने बताया कि झज्जर में एम्स की एक शाखा है। उसी में सांसद व उनकी पत्नी को भर्ती कराया गया है। सांसद को सांस लेने में दिक्कत है। इसके अलावा सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में भाजपा सांसद के छोटे पुत्र अर्पित, अर्पित की पत्नी और सांसद के पीएस अनूप मिश्रा के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। पीएस सांसद के साथ हैं। बाकी लोग होमआईसोलेशन में हैं।