कायमगंज। कुआं खेड़ा चौकी क्षेत्र के गांव खजुरिया निवासी बलवीर सिंह की 32 वर्षीय पत्नी मालती देवी ने बुधवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी। महिला के पति ने उसे फंदे से लटका देखा तो मायके वालों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, पति से कहासुनी होने पर महिला ने जान दी।
पिता लालराम निवासी डुमरी ने गुरुवार सुबह कोतवाली जाकर सूचना दी कि उसकी पुत्री मालती की शादी छह वर्ष पहले बलवीर के साथ हुई थी। मालती के मौत की जानकारी कुआं खेड़ा चौकी प्रभारी दीपक भाटी वहां पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। नायब तहसीलदार पवन गुप्ता की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। बलवीर की पहले शादी हो चुकी थी। पहली पत्नी से एक 12 वर्ष की पुत्री है। मालती की बलवीर के साथ तीसरी शादी हुई थी। मायके व ससुरालीजनों में समझौता होने पर पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया। बाद में पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए और शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।