फर्रुखाबाद। कंपिल निवासी एक महिला ने दो सिपाहियों पर घर में घुस कर मारपीट व छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। उसने दोनों सिपाहियों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया है। पीड़िता के चार अक्तूबर को कोर्ट में बयान दर्ज किए जाएंगे।
कंपिल थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कंपिल थाने सिपाही नईम खान, राम कुमार के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया। इसमें कहा कि लॉकडाउन में रक्षाबंधन पर राखी की दुकान लगाने की छूट मिली थी। उसने घर के बाहर राखी की दुकान लगाई। 2 अगस्त 2020 को दुकान पर वह और उसकी पुत्री बैठी थी। दुकान पर वह राखी के साथ दूध, ब्रेड भी बेच रही थी। दोपहर करीब 12 बजे दोनों सिपाही दुकान पर आए और बंद करने को कहने लगे।
आरोप है कि राखी की दुकान लगाने को छूट होने की बात कहीं तो दोनों नाराज हो गए और पुत्री से मारपीट करने लगे। इसका विरोध किया तो सिपाहियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस पर वह पुत्री को लेकर घर के अंदर चली गई। दोनों सिपाही घर में घुस आए और पुत्री से छेड़छाड़ करने लगे। विरोध किया तो दोनों सिपाहियों ने उसके साथ भी छेड़छाड़ कर मारपीट की। दोनों सिपाही धमकी देकर चले गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता के वकील डा. दीपक द्विवेदी ने सुनवाई के दौरान दलीलें पेश कीं। सुनवाई पूरी होने पर सीजेएम ने परिवाद दर्ज कर पीड़िता के बयान दर्ज करने को चार अक्तूबर की तारीख लगाई है।