फर्रुखाबाद। भाकियू पदाधिकारियों ने किसानों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को किसानों की समस्याओं से संबंधित 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा। इन समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई।
भाकियू जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह शाक्य व मंडल उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ता व किसानों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान धान व मक्का की खरीद में मनमानी कर किसानों का उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया।
कहा कि क्रय केंद्र प्रभारी बिचौलियों को समर्थन मूल्य का लाभ दे रहे हैं। इसके बाद पांच लोगों ने कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।
इसमें कमालगंज के गांव बहोरा की चकबंदी निरस्त करने, कई वर्षों से डटे खिमसेपुर के लेखपाल शैलेंद्र सिंह का स्थानांतरण करने, गांव बीसलपुर तराई में विवादित भूमि पर स्टे लगाने, गांव बरतल में 505 एकड़ भूमि से माफियाओं का कब्जा हटाने, कायमगंज के बड़ा गांव व मदनपुर में टिकैत पंचायतीराज गो सेवाकेंद्र को भूूमि चिह्नित करने, घूम रहे आवारा जानवरों को पकड़वाने के साथ धान की शत प्रतिशत सरकारी खरीद किए जाने की मांग की।
वहीं मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन में गन्ना का भुगतान कराने, डीजल, खाद व कीटनाशक की बढ़ती कीमतें रोकने, सिंचाई को बिजली मुफ्त देने आदि मांग की गई।
लक्ष्मीशंकर जोशी, संजीव सिंह, रामसेवक सक्सेना, मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, शमसाबाद में भाकियू नेताओं ने मांगों से संबंधित एसडीएम कायमगंज सुनील कुमार यादव को ज्ञापन सौंपा।