फर्रुखाबाद। गंगा की कटरी से तरबूज भरकर लाते समय वन क्षेत्र में बैलगाड़ी पलटने से किसान दब गया। जानकारी होने पर दो घंटे बाद परिजनों ने पहुंचकर बाहर निकाला। देर रात लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां मृत घोषित कर दिया। शव मॉर्चुरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव कटरी गंगपुर पहाड़पुर निवासी अवधेश (48) ने गंगा की कटरी में तरबूज की फसल की है। वह सोमवार शाम चार बजे बैलगाड़ी में तरबूज भरकर घर लौट रहे थे। बताते हैं कि वन क्षेत्र से होकर आते समय बैलगाड़ी पलट गई। इसमें अवधेश दब गए। करीब दो घंटे तक वह घर नहीं पहुंचे, तो परिजन देखने गए। बैलगाड़ी पलटी देख उसे उठाया गया तो वह बेहोशी हालत में दबे मिले। उनका नाती गिरीशबाबू अन्य परिजन के साथ देर रात लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग बेहाल हैं। मऊदरवाजा थाना पुलिस को भी सूचना दी गई है।