फर्रुखाबाद। एक मकान में छत के रास्ते घुसे चोरों ने बक्से में रखी नकदी और करीब दो लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। परिवार के लोग रात में सोते ही रहे। चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। सुबह जागने पर चोरी की घटना की जानकारी हुई।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला बढ़पुर निवासी वीरेंद्र कुमार कटियार का दो मंजिला मकान बना है। इसमें उनका पुत्र विमल कटियार, पत्नी व बच्चे भी रहते हैं। सोमवार रात वीरेंद्र का पुत्र विमल अपने बच्चों के साथ प्रथम मंजिल पर सोने चले गए।
वीरेंद्र, बीमार पत्नी के साथ नीचे कमरे में सो गए। रात में किसी वक्त छत के रास्ते चोर मकान में नीचे उतर आए। उन्होंने कमरे में रखे बक्से का ताला खोलकर उसमें रखी सोने की चेन, दो अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी और 10 हजार रुपये पार कर दिए। जेवर की कीमत करीब दो लाख रुपये होगी।
वीरेंद्र मंगलवार सुबह करीब छह बजे जागे। तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की सूचना पर थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। वीरेंद्र ने अज्ञात के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने संदिग्ध चोरों की तलाश शुरू कर दी है।