संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। छह माह से गायब युवती का पता लगाने के लिए परिवार भले ही भटक रहा हो, घटना मऊदरवाजा पुलिस के लिए आमदनी का जरिया बन गई है। पुलिस इस महीने में तीन युवकों को पकड़ने के बाद छोड़ चुकी है। युवती के मुंबई में होने की आशंका है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र निवासी युवती को छह माह पहले युवक ले गया था। पीड़ित परिवार ने बजरिया के वारिस पर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने युवती खोजने और आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास नहीं किया। शुरू में पुलिस ने आरोपी के एक रिश्तेदार को पकड़ा और दो दिन बैठाने के बाद छोड़ दिया। बजरिया मोहल्ले के एक युवक के भाई का मुंबई में जरदोजी का कारोबार है। आरोपी उसी में काम करता था।
इससे पुलिस ने डेढ़ माह पहले जरदोजी कारोबारी के भाई को पकड़ लिया। उसे एक रात थाने में बैठाने के बाद छोड़ दिया। बजरिया चौकी के एक सिपाही ने सोमवार को भीकमपुरा सईदा मोहल्ले के एक युवक को हिरासत में लिया। उसके साथ आरोपी पांच साल पहले किराए पर रहा था। पुलिस ने उसे भी छोड़ दिया। इंस्पेक्टर मऊदरवाजा जेपी शर्मा ने बताया कि किसी युवक को हिरासत में लिया गया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। इसकी जानकारी करेंगे। युवती को खोजने का प्रयास किया जाएगा।