शमसाबाद। दोस्त के भाई की बरात से घर लौट रहे युवक की दिन दहाड़े गोली मार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन किशारों समेत पांच को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक युवती के एक रिश्तेदार ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस को अभी तक युवक का मोबाइल नहीं मिला है।
थानाक्षेत्र के गांव पहाड़पुर बैरागर निवासी परमसुख शाक्य उर्फ पप्पू के 21 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार शाक्य का शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव फरीदपुर मार्ग पर मिला था। जेब से मिले आधार कार्ड से आदित्य की पहचान हुई थी। घटना स्थल पर तमंचा मिला था। जिसमें खोखा फंसा था।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। सूत्रों के मुताबिक जिस युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, उसकी शादी होने वाली है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। प्रभारी आरके रावत ने बताया कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।