कन्नौज। फर्जी गेमिंग एप से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले पांच और आरोपियों की जमानत अर्जी अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय पूर्णिमा पाठक ने शनिवार को खारिज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसमें सभी ने कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की थी। इस मामले में कोर्ट ने पांच आरोपियों की दो दिन पहले जमानत याचिका निरस्त कर दी थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के तिखवा कट के निकट प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने फर्जी गेमिंग एप में शामिल 10 ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस को इनके अकाउंट में करोड़ों रुपये जमा मिले थे। अब तक पुलिस 38 अकाउंट सीज कर चुकी है। इन पांचों आरोपियों ने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की थी। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय ने अमित गुप्ता, यश श्रीवास्तव, आयुष पाल, सत्यम चौबे, मनमोहित कुमार ने जमानत अर्जी दाखिल की थी।
एसपी विनोद कुमार ने गोंडा निवासी हाफिज अली पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एसपी ने बताया कि अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और 38 अकाउंट सीज कर 22 करोड़ की रकम होल्ड कराई गई है। इस मामले में अभी भी कई आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। पुलिस सभी बैंक खातों का सत्यापन करा रही है। एसपी ने बताया कि अभी पांच आरोपी और हैं। जल्द ही इस मामले में विवेचना पूरी कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी।