मोहम्मदाबाद। जालसाजों ने 14 लाख रुपये लेकर सरकारी नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र भाइयों को दे दिया। जानकारी होने पर जब रुपये मांगे तो जानमाल की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिहार निवासी शिवम परिहार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने कहा कि उनके मामा पक्ष के रिश्तेदार किशन प्रताप, रवि प्रताप और अमरेंद्र प्रताप निवासी गांव ससोता थाना अलीगंज जनपद एटा ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर उससे व उसके भाई सत्यम परिहार से 14 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया। फर्जी नियुक्ति पत्र की जानकारी होने पर शिवम परिहार ने आरोपियों से रुपये मांगे तो उन्होंने देने से इन्कार कर दिया।
गांव मितौलिया जिला एटा निवासी एक व्यक्ति आरोपियों की पैरवी कर रहा है। वह भी धमकी दे रहा है। पखना चौकी इंचार्ज भी नहीं सुन रहे हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि एसपी के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।