मेला रामनगरिया के उद्घाटन के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मेले में सफाई व्यवस्था के लिए 25 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पुल पर लगी हाईमास्ट लाइट भी अभी सही नहीं हो पाई है।
गुरुवार को मेला परिसर में पूरे दिन दुकानों का आवंटन चलता रहा। विभिन्न जिलों से आए व्यापारियों और दुकानदारों ने मेले में दुकानों का आवंटन करवाया। मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित ने आए दुकानदारों से 3 हजार रुपये प्रति दुकान की दर से रुपये लेकर दुकानों का आवंटन किया।
विज्ञापन
मेला व्यवस्थापक ने बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी को मेले में सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि मेले के सफाई कर्मियों से पुल के ऊपर सफाई का काम करवाया जा रहा है। मेले में आने वाले रास्तों के किनारे मिट्टी डलवाकर बैरीकेडिंग कर टिनशेड लगवा दिया गया है।
कहा कि गंगा पुल पर लगी रेलिंग की पेेंटिंग और मरम्मत के लिए पीडब्लूडी को पत्र लिखा गया है। सड़क की मरम्मत का कार्य विभाग की ओर से शुरू करवाया गया है। मेला क्षेत्र के प्रमुख रास्तों पर पानी का छिड़काव करवाकर पुआल बिछवाया जा रहा है। मेले के उद्घाटन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
वहीं कल्पवास करने के लिए आसपास के क्षेत्रों से लोगों का आना शुरू हो गया है। कल्पवास करने के लिए आने वाले लोग अपने रहने के लिए झोपड़ी व टेंट लगाने में मशगूल रहे।