लघु सिंचाई विभाग के जेई से स्पष्टीकरण तलब
फर्रुखाबाद। आदेश के बाद भी टैंक का निर्माण शुरू न कराने के मामले में लघु सिंचाई विभाग के जेई से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
वर्षा जल संचयन के लिए तीन माह पूर्व बघार नाला पर पांच परकोलेशन टैंक का निर्माण कराने के आदेश दिए गए थे।
मनरेगा से होने वाले निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लघु सिंचाई विभाग के प्रभारी सहायक अभियंता जेई अशोक कुमार को सौंपी गई। एक परकोलेशन टैंक के निर्माण के लिए एक लाख 55 हजार रुपये का एस्टीमेट बनाया गया। गत दिनों मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने निरीक्षण किया तो निर्माण होता नहीं मिला। इस पर लघु सिंचाई विभाग के जेई से पूछताछ की और उन्होंने फाइल तलब की।
जेई ने न तो निर्माण शुरू कराया और बिना बताए गायब हो गए। इसके अलावा दो वर्ष से रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट का निर्माण भी नहीं कराया गया है। सोमवार को सीडीओ की समीक्षा बैठक में भी शामिल नहीं हुए। मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने बताया कि शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में जेई के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।