जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा में गूंजे जयकारे
फर्रुखाबाद। शहर की प्राचीन परंपरा के तहत सोमवार को श्रीजगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। भक्तजन हाथों से रथ खींचते चल रहे थे। छतों से लोग फूल बरसा रहे थे। जगह-जगह आरती हो रही थी। चारों तरफ जयकारे गूंज रहे थे। श्रीराधा माधव मंदिर पहुंचकर रथयात्रा का समापन हुआ। इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया।
शहर के श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर (कोतवालेश्वर महादेव) से शोभायात्रा का शुभारंभ पं. धीरेंद्र सारस्वत ने सोमवार सुबह सात बजे पूजन के साथ किया। भगवान की आरती उतारी गई। श्रीराधा माधव कीर्तन मंडल के वैष्णो भक्त ढोल-मजीरा, करताल के साथ जय जगन्नाथ स्वामी के जयकारे लगा रहे थे।
संकीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया। छतों से भक्तजन फूलों की वर्षा कर रहे थे। रथ पर सवार जगन्नाथ स्वामी, बहन सुभद्रा, भाई बलराम भक्तों को दर्शन देते चल रहे थे। वैष्णो भक्त नंगे पांव रथ खींच रहे थे। रथयात्रा घुमना बाजार, नेहरू रोड, चौक, रेलवे रोड होते हुए गांधी कूंचा स्थित श्रीराधा माधव मंदिर पर विसर्जित हुई। वहां आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
मान्यता के अनुसार दोनों भाई व बहन 10 दिन तक अपनी मौसी के घर रहेंगे। इसके बाद फिर कोतवालेश्वर मंदिर में भक्तों को दर्शन देंगे। रथ यात्रा में पवन अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार, अनीता द्विवेदी, अशोक वर्मा, सुनील वर्मा, अंजुम दुबे, बबलू सारस्वत आदि भक्तजन थे।