फर्रुखाबाद। दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए किए गए सर्वे में अनियमितताएं मिल रही हैं। सर्वे में दिव्यांग को छोड़ने पर मुख्य विकास अधिकारी ने सचिव से स्पष्टीकरण तलब कर लिया है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव बराकेशव निवासी दिव्यांग सतीश चंद्र सोमवार को विकास भवन जाकर मुख्य विकास अधिकारी से आवास के लिए गुहार लगाई। इस पर सीडीओ ने उनसे पूछा मई से जून तक हुए सर्वे में सचिव ने नाम शामिल नहीं किया। इस पर दिव्यांग ने कहा कि उनसे किसी ने पूछा तक नहीं। वह झोपड़ी डालकर रह रहे हैं।
इस पर सीडीओ ने मोहम्मदाबाद बीडीओ को फोन कर दिव्यांग को आवास देने के लिए सूची में नाम भेजने के निर्देश दिए। एक पैर कटा होने से सीडीओ ने सतीश को बैसाखी भी दिलवाई। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास से दिव्यांग और अनुसूचित जनजाति को संतृप्त करने के आदेश हैं। इसके बावजूद सर्वे में लापरवाही बरती गई। गांव बराकेशव निवासी दिव्यांग सतीश चंद्र को सर्वे में शामिल न करने के संबंध में सचिव को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
विदित है कि इस वित्तीय वर्ष में 169 दिव्यांगों को मुख्यमंत्री आवास देने का लक्ष्य है। 165 दिव्यांगों को आवास आवंटित कर दिए गए हैं। इनमें करीब 52 फीसदी का निर्माण भी हो चुका है। चार दिव्यांगों का अभी चयन किया जाना है।