फर्रुखाबाद। सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा ड्यूटी के लिए मंगलवार को 21 पूर्व सैनिकों ने सीएमओ कार्यालय में आमद करा दी है। पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड कानपुर से 50 सुरक्षा गार्ड मांगे गए थे।
जिले के चार सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन से प्रसव कराने के लिए फर्स्ट रेफरल यूनिट बनाया गया है। इसमें लोहिया महिला अस्पताल, सीएचसी कायमगंज, कमालगंज व राजेपुर शामिल हैं। इन अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए आउटसोर्स पर 76 गार्डों की तैनाती की गई थी। शासन से आदेश जारी हुआ कि गार्डों के स्थान पर अब पूर्व सैनिकों की तैनाती होगी। तैनाती के बाद आउटसोर्स गार्डों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने चार माह पहले ही पूर्व सैनिकों की तैनाती किए बिना ही गार्डों की सेवा समाप्त कर अस्पतालों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी थी।
अब पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड कानपुर से 50 गार्ड की मांग की गई। इसके चलते मंगलवार को गार्ड के पद पर 21 पूर्व सैनिक भेजे गए। इससे अब उन्हें अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा। दूसरी ओर बेरोजगार हुए आउटसोर्स गार्ड भी सीएमओ कार्यालय पहुुंचे। उन्होंने रोजगार वापस न मिलते देख भर्ती प्रक्रिया की पोल खोलना शुरू कर दी। उनका कहना था कि यदि उन्हें ड्यूटी पर नहीं रखा जा रहा है तो उनका हिसाब कर दिया जाए।