फर्रुखाबाद। गंगा का जलस्तर सोमवार को पांच सेंटीमीटर घटने के बावजूद चेतावनी बिंदु से 20 सेमी. ऊपर है। इससे बाढ़ पीड़ितों की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। अमृतपुर क्षेत्र के 50 गांवों की बिजली गुल है। वहीं रास्तों में पानी भरा होने से आवागमन बाधित है।
गंगा का जलस्तर सोमवार को पांच सेमी घटकर 136.80 मीटर पर आ गया है। जो अभी चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर से 20 सेमी ऊपर है। नरौरा बांध से गंगा में 57541 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलस्तर घटने के बावजूद बाढ़ग्रस्त गांवों में समस्याएं बरकरार हैं। रास्तों में पानी भरा होने से आने-जाने में दिक्कत है। वहीं, बदायूं मार्ग चित्रकूट डिप पर बाढ़ का पानी उतरने से आवागमन आसान हो गया है।
रामगंगा का जलस्तर 25 सेमी. घटकर 135.15 मीटर से 134.90 मीटर पर आ गया है। खो हरेली रामनगर बैराज से रामगंगा में 4235 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बाढ़ग्रस्त गांवों बिजली आपूर्ति बंद होने, रास्ते में पानी भरा होने से समस्याएं बरकरार हैं। ग्रामीणों के सामने पशुओं के चारे की सबसे बड़ी दिक्कत है।