गौटिया के पास 33 केबी की लाइन को सही करते बिजली कर्मचारी।
- फोटो : गौटिया के पास 33 केबी की लाइन को सही करते बिजली कर्मचारी।
- 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से चार उपकेंद्र बंद
- फाल्ट ढूंढने की बात कह एसडीओ ने पल्ला झाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतपुर। तहसील अमृतपुर क्षेत्र में बीती रात 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से चारों उपकेंद्र ठप हो गए। इससे लगभग 300 गांवों की बिजली गुल है। हैरत इस बात की रही कि 20 घंटे बाद भी बिजली कर्मचारी फाल्ट नहीं ढूंढ सके।
शुक्रवार रात करीब 11 बजे 33 केवीए लाइन ब्रेकडाउन होने से अमृतपुर, राजेपुर, सलेमपुर व तहसील उपकेंद्र बंद हो गए। इससे इन उपकेंद्रों से जुड़े गांव सलेमपुर, भरखा, पट्टी दारापुर, नगला हूसा समेत करीब 300 गांवों की बिजली गुल हो गई।
रात में ही ग्रामीणों ने बिजली जाने की सूचना स्थानीय बिजली अधिकारियों को दे दी थी, लेकिन घना कोहरा पड़ने के कारण शनिवार दोपहर पेट्रोलिंग शुरू की गई। काफी प्रयासों के बावजूद सायं छह बजे तक बिजली कर्मचारी फाल्ट नहीं ढूंढ सके। इसके चलते चारों फीडर बंद रहे।
एसडीओ सुजीत कुमार ने बताया कि 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से बिजली गुल है। फाल्ट को दिखवाया जा रहा है। अभी तक फाल्ट मिला नहीं है। फाल्ट मिलते ही उसे दूर कराया जाएगा। अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि अमृतपर तहसील क्षेत्र के चारों उपकेंद्र बंद होने की जानकारी उन्हें नहीं है।