फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ के ऑफिसर्स क्लब में शनिवार को तहसील सदर के संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ शिकायतें सुनीं। इसमें भूमि कब्जा से संबंधित सर्वाधिक मामले आए। शिकायत का गलत निस्तारण करने का भी प्रार्थनापत्र दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह से शिकायत करते हुए कमालगंज के शास्त्रीनगर निवासी रमेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पूर्व में मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। इसमें पीडब्ल्यूडी व नगर पंचायत अधिकारियों ने बिना अतिक्रमण हटाए झूठी रिपोर्ट लगाकर शिकायत निस्तारित कर दी गई। इससे वह असंतुष्ट हैं। उन्होंने अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
वहीं भाजपा नेता शैलेंद्र राजपूत ने राजस्व गांव आलूपुर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे में राजस्व कर्मियों पर संलिप्तता व भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 73 शिकायतें आईं। इसमें राजस्व विभाग की 35, पुलिस की 18, विकास व विद्युत विभाग की 6-6 व अन्य विभागों की 8 शिकायतें आईं। छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, डीडीओ एसके तिवारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
एंटी करप्शन की कार्रवाई के विरोध में लेखपालों का प्रदर्शन
फर्रुखाबाद। गाजीपुर में रिश्वत लेते लेखपाल को पकड़े जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर आफीसर्स क्लब परिसर में लेखपालों ने दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन किया। इसमें कहा कि एंटी करप्शन टीम भ्रष्टाचार में लिप्त है। लेखपालों की जेब में जबरन रुपये डालकर उन्हें साजिशन झूठा फंसाया जा रहा है। इस दौरान लेखपाल संघ के अध्यक्ष महेश्वर सिंह, मंत्री अभय त्रिवेदी, गौरव अग्निहोत्री आदि रहे। (संवाद)
-
डीएम के आदेश पर भी कब्जामुक्त न हो सके चकमार्ग
अमृतपुर। संपूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने शिकायतें सुनीं। 29 शिकायतों में तीन का ही निस्तारण हो सका। गांव मुजहा निवासी राजकुमार ने शिकायत कर चकमार्ग से कब्जा हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी कब्जा नहीं हटवाया गया। चपरा के निवासी राधेश्याम, किराचन निवासी सुभाष चन्द्र, गूजरपुर गहलावार के रामकृष्ण ने अलग अलग प्रार्थनापत्र देकर चक मार्गों को कब्जामुक्त कराने की मांग की। पिछले दिनों सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने चकमार्गों से कब्जा हटवाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। तहसीलदार करमवीर सिंह, नायब तहसीलदार अनवर हुसैन बीडीओ सुनील कुमार जायसवाल, एडीओ पंचायत अजीत पाठक, बीईओ अनूप कुमार सिंह, लेखपाल संघ के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मंत्री पवन यादव, विवेक पांडेय, रामजी यादव, कुलदीप तिवारी, मो.आबिद खान, अतुल कुमार आदि रहे। (संवाद)