मोहम्मदाबाद। खेत में हरियाली बीनने के विवाद में हमलावरों ने घर में घुसकर दंपति समेत तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने घर मेें आग भी लगा दी। भागते समय हमलावर एक बाइक मौके पर छोड़ गए। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक कोतवाली ले आई। पीड़ित ने चार नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गोनसहाय निवासी जमादार सिंह और पड़ोसी गांव अभयपुर नगरिया निवासी राजवीर सिंह के खेत पास हैं। जमादार सिंह के मुताबिक रविवार पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे वह अपने खेत में हरियाली बीन रहे थे। इसी दौरान राजवीर सिंह ने जमादार से कहा कि वह उनके खेत में हरियाली क्यों बीन रहे हैं। इसी बात पर दोनों लोगों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों लोग अपने-अपने घर चले गए।
जमादार का आरोप है कि राजवीर सिंह अपने साथियों के साथ बाइकों से आए और घर में घुसकर उसे तथा उसकी पत्नी अन्नपूर्णा देवी और भाई सिपाहीलाल तथा इनकी पत्नी कैला देवी को लाठी डंडों से पीट दिया। गुस्साए हमलावरों ने जमादार सिंह के घर में आग भी लगा दी।
चीखपुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर आए तो हमलावर जानमाल की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। इस दौरान हड़बड़ाहट में एक हमलावर की बाइक भी छूट गई। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे आग बुझाई। घटना की सूचना मिलने पर दरोगा इंद्रेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस बाइक कब्जे में कर कोतवाली ले आई।
जमादार सिंह ने राजवीर सिंह, कुलदीप सिंह, भूरे, रईस निवासी अभयपुर नगरिया व आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक मामले में लिखा पढ़ी नहीं की गई थी। जमादार सिंह ने बताया कि हमलावरों ने मारपीट के बाद घर में आग लगा दी। इससे घरेलू सामान जल गया।