भोलेपुर में ओवर ब्रिज निर्माण को अतिक्रमण हटाने का विरोध करने पर सिटी मजिस्ट्रेट अशोक मौर्य ने ड?
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। भोलेपुर रेलवे क्रासिंग पर चल रहे ओवरब्रिज निर्माण के लिए हनुमान मंदिर के सामने का अतिक्रमण दो जेसीबी से ढहाया गया। हफ्ते भर पूर्व चिह्नांकन कराने के बाद गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ, ईओ, कई थानों का पुलिस फोर्स व पीएसी के साथ अतिक्रमण हटवाने पहुंचे। अभियान के दौरान कुछ विरोध भी हुआ लेकिन प्रशासनिक अफसरों के सख्त रुख से सभी बैकफुट पर आ गए।
सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए लेखपाल से 14 मई को सड़क के बीच से दोनों ओर 13-13 मीटर पर चिह्नांकन कराया था। इसमें रेलवे क्रासिंग की तरफ वाली लाइन में 13 भवनों के चबूतरे, दुकान व बाउंड्रीवाल अतिक्रमण की जद में आए थे। गुरुवार सुबह 8 बजे सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड, ईओ रश्मि भारती के साथ मौके पर पहुंचे। फतेहगढ़ कोतवाल जसवंत सिंह, सभी चौकी प्रभारी, शहर कोतवाली का फोर्स, महिला थाना की एसओ व पीएसी के जवान मुस्तैद थे। मुख्य मार्ग का आवागमन बंद कर हनुमान मंदिर के सामने से कब्जे हटाने की शुरुआत की गई। इसके बाद दोनों जेसीबी अतिक्रमण ढहाने में जुट गईं। इसके बाद चिह्नांकन वाली जगहों को साफ कर दिया गया।