फर्रुखाबाद। स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार पर कार्यालय में बुलाकर जातिसूचक गाली-गलौज करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कर्मचारी संगठनों को इस संबंध में पत्र सौंपकर जानकारी दी। इस पर तीन संगठनों ने बृहस्पतिवार को सीएमओ का घेराव करने का एलान किया है। नगरीय पीएचसी नौलक्खा में तैनात आउटसोर्स सफाई कर्मी रवि ने संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष को पत्र सौंपा।
इसमें कहा कि सीएमओ ने डॉ.नूरुल हुदा से सूचना भिजवाकर उसे अपने कार्यालय बुलाया और गार्ड द्वारा उसे पकड़वाया और गाली दी। इससे वह आहत है।
वहीं वार्ड बाॅय सौरभ अवस्थी ने सीएमओ पर अपने कार्यालय बुलाकर जातिसूचक गाली-गलौज कर नौकरी खा जाने की धमकी देने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक बाजपेई, संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री नरेंद्र मिश्र, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिला महामंत्री प्रमोद दीक्षित ने बताया कि कर्मचारियों से अभद्रता बर्दाश्त नहीं होगी।
इसके विरोध में बृहस्पतिवार को सीएमओ का उनके कार्यालय में ही घेराव किया जाएगा। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने काल रिसीव नहीं की। मैसेज भेजने के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।