फर्रुखाबाद। किराये के कमरे में ऑनलाइन सट्टे की खाईबाड़ी करते पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से नकदी व सट्टा पर्ची बरामद की गई। आरोपियों के खातों को भी फ्रीज कराने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है।
सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार देर रात फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाफरी में दबिश दी। पुलिस ने शिवमंगल व उसके भाई कुलदीप को सट्टा बुक करते गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक सामान्य व एक स्मार्ट मोबाइल बरामद हुआ। स्मार्ट मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा बुक किया जा रहा था। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 32900 रुपये व नौ सट्टा पर्ची आदि सामग्री बरामद हुई। कुलदीप के अलग-अलग बैंक खातों में क्रमश: 25458, 35834, 140887 व 123974 रुपये पड़े थे।
उसने बताया कि यह रुपये ऑनलाइन सट्टे की खाईबाड़ी के हैं। सीओ सिटी ने बताया कि दो सगे भाइयों को ऑनलाइन सट्टा बुक करते गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि सट्टे की खाईबाड़ी में प्रयुक्त खातों को फ्रीज कराया जाएगा। सटोरियों के खातों की रिपोर्ट साइबर थाना फतेहगढ़ को भेज दी गई है।