फर्रुखाबाद निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों ने भोलेपुर बिजलीघर में नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए शासन के निजीकरण की कर्रवाई वापस लेने की मांग की।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले शनिवार शाम एसडीओ,जेई व टीजीटू डिवीजन कार्यालय भोलेपुर पहुंचे। हाथाें में नारे लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि निजीकरण से कर्मचारियों की सेवा शर्तें तो प्रभावित होते ही हैं, सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और गरीबों पर पड़ेगा। कहा कि उत्तर प्रदेश में आगरा और ग्रेटर नोएडा में किए गए निजीकरण के प्रयोग की समीक्षा करना जरूरी है।
ग्रेटर नोएडा में करार के अनुसार निजी कंपनी को अपना विद्युत उत्पादन ग्रह स्थापित करना था, जो उसने आज तक नहीं किया। ग्रेटर नोएडा की कंपनी आम उपभोक्ताओं को बिजली देने के बजाय औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्र में बिजली देने में रुचि ले रही हैं। उन्होंने कहा कि निजी कंपनी मुनाफे के लिए काम करती हैं, जबकि सरकारी कंपनियां सेवा का काम करती हैं। कर्मचारियों ने कहा कि जनता और बिजली कर्मचारियों के हित में बिजली का निजीकरण पूरी तरह अस्वीकार है। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर शाखा संयोजक रवि पांडेय, अजय कुमार, मुकेश राव, राम प्रवेश, रमेश कुमार, संदीप कुमार, राजीव कुमार, अजय बाबू और अनिल गौतम मौजूद रहे।