फोटो- 35 ट्रांसफार्मर लगाने पहुंचे लोगों का विरोध करते परिजन। स्रोत: जागरुक पाठक
फर्रुखाबाद। एक सिनेमाघर के सामने लगे ट्रांसफार्मर को हटाकर घर के बाहर लगाने पहुंचे बिजली कर्मियों का वहां रहने वाले लोगों ने विरोध किया।
कुछ व्यापारी नेता भी वहां पहुंचने लगे तो कर्मचारी चले गए। महिला ने घर के सामने ट्रांसफार्मर लगने पर आत्महत्या करने की धमकी दी। शहर के रेलवे रोड नवाब न्यामत खां पश्चिम में मुख्यमार्ग पर एक सिनेमाघर के सामने कई दशकों से ट्रांसफार्मर लगा है।
कुछ महीनों से बिजली विभाग के अधिकारी इसे हटाकर पास में ही रहने वाली रूपाली वर्मा के घर के बाहर लगाना चाहते हैं। इसका रूपाली और उनके परिजन विरोध कर रहे हैं। मंगलवार दोपहर में बिजली कर्मी कुछ लोगों के साथ नापजोख करने पहुंचे। इसका रूपाली और उनके परिजनों ने विरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिनेमाघर एक प्रभावशाली व्यक्ति खरीद रहा है। उसे फायदा पहुंचाने के लिए वहां से ट्रांसफार्मर हटवाकर उनके घर के दरवाजे पर लगवा रहे हैं। यदि ट्रांसफार्म लगा तो वह आत्महत्या कर लेंगी। वह इसका पत्र पिछले महीने मुख्यमंत्री समेत कई अफसरों को भेज चुकी हैं।
उधर, बिजली विभाग की मनमानी की सूचना मिलते ही व्यापारी नेता अंकुर श्रीवास्तव कई लोगों संग पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों का विरोध किया। कहा कि नगर पालिका ने पहले यथास्थान लगाने के आदेश दिए और दूसरे आदेश में स्थान बदल दिया। जनता को परेशान किया जा रहा है। हालांकि विरोध होने पर कर्मचारी मौके से चले गए।
इसे लेकर ठंडी सड़क स्थिति उपकेंद्र के जेई अजय बाबू ने बताया कि लाइन शिफ्टिंग का काम कराया जा रहा है। जिस जगह ट्रांसफार्मर लगना है। वह नगर पालिका की जगह है। आसपास के लोग ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध कर रहे हैं। इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी है।