450 गांवों की बिजली घंटों रही गुल
फर्रुखाबाद। नीबकरोरी से नवाबगंज व हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र के लिए आई 33केवी की लाइन का तार सोमवार रात एक बजे टूट गया। इससे दोनों उपकेंद्र ठप हो गए। इससे 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। मंगलवार को तार जुड़ने पर करीब 12 घंटे बाद दोपहर डेढ़ बजे गांवों की बिजली चालू हो सकी। वहीं बढ़पुर ब्लॉक के दो उपकेंद्रों की 11 केवी की लाइन में फाल्ट से 150 गांवों और शीतगृहों की आठ घंटे बिजली गुल रही।
नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र से 120 गांवों और हजियांपुर विद्युत उपकेंद्र से करीब 180 गांवों को बिजली दी जाती है। इन दोनों उपकेंद्रों की 33 केवी की लाइन नीबकरोरी ट्रांसमिशन से आई है। सोमवार रात करीब एक बजे नवाबगंज के गांव बांसमई के पास 33 केवी लाइन का तार टूट गया। इससे दोनों विद्युत उपकेंद्र ठप होने से 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली न होने से गांव व कस्बा के लोग रात भर गर्मी से बेहाल रहे।
मंगलवार को एसडीएम के निर्देश पर लाइनमैन फाल्ट खोजने निकले। लाइन चेक करते हुए बांसमई गांव पहुंचे तो 33 केवी की लाइन का तार टूटा पड़ा था। तार जोड़ने के बाद नीबकरोरी ट्रांसमिशन से डेढ़ बजे बिजली चालू की गई। तब दोनों उपकेंद्रों से 300 गांवों को बिजली दी गई।
उधर, भोलेपुर बेवर रोड स्थित ट्रांसमिशन की नीबकरोरी से लाइन आई है। पपियापुर गांव के पास ट्रांसमिशन की लाइन का कनेक्टर टूट कर 11 केवी लाइन पर गिरने से फाल्ट हो गया। इससे भोलेपुर और याकूतगंज विद्युत उपकेंद्र की लाइन बंद हो गई।
इसको ठीक कराने का काम शुरू कराया गया। कुछ देर बाद ट्रांसमिशन से उपकेंद्रों की बिजली चालू कर दी गई, लेकिन भोलेपुर और याकूतगंज उपकेंद्र के 11 केवी फीडरों में फाल्ट होने से रात भर बिजली गुल रही। सोमवार सुबह फाल्ट ठीक होने पर डेढ़ सौ गांवों को बिजली दी गई।