फोटो-36 सीएचसी में पति की मौत से बिलखतीं पत्नी सुमन देवी। संवाद
कायमगंज। कंपिल-कायमगंज मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग कृपाल सिंह की मौत हो गई। वह दवा लेकर घर लौट रहे थे।
वहीं, बाइक सवार तीन युवक भी हादसे में घायल हो गए हैं। युवक शादी समारोह से लौट रहे थे। घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
कादरी गेट थाना क्षेत्र के पांचालघाट निवासी रशीद (24), दिलावर (28) और जुम्मन (20) बाइक से कंपिल थाना क्षेत्र के बहवलपुर गांव में शादी समारोह से लौट रहे थे। सिकंदरपुर तिहैया के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर साइकिल सवार से टकरा गई। हादसे में भीमनगर निवासी कृपाल सिंह (70) घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और साइकिल दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा, जहां से डॉक्टर ने कृपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार तीनों की हालत नाजुक देख उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी में परिजनों ने बताया कृपाल सिंह कंपिल अस्पताल से दवा लेकर अपने गांव लौट रहे थे। पत्नी सुमन देवी व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। बेटे बृजेश की पहले ही मौत हो चुकी है, घर में वधू पूनम और दो नाती हर्षवर्धन (10) व प्रिंस (7) हैं।
फोटो-36 सीएचसी में पति की मौत से बिलखतीं पत्नी सुमन देवी। संवाद