कमालगंज। जखैया महाराज के मंदिर से लौट रही कार सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दो परिवार के आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां घायलों का उपचार किया गया। दो लोगों को रेफर कर दिया गया।
फर्रुखाबाद शहर के बीबीगंज निवासी राजू (26) पत्नी ज्योति (25), मां निर्मला देवी (60), पुत्र युवराज (7) व कृष्णा (1) के साथ कार से एटा जिला के निकट स्थित जखैया महाराज के मंदिर में शादी की जात करने गया था। उसके साथ पड़ोसी संजू (28), पत्नी दुर्गा (27) व मां विमला देवी (45) भी गए थे। रविवार को जात होने के बाद सभी लोग एक ही कार से वापस घर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे रास्ते में जहानगंज थाना क्षेत्र के महरुपुर बीजल गांव के निकट सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार आठों लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सक ने कृष्णा व विमला देवी को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।