पाइव स्टार स्कूल का शुभारंभ करते सीडीओ व अन्य। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। परिषदीय स्कूलों में बच्चों का दाखिला कराने से भले ही लोग कतरा रहे हों, लेकिन फाइव स्टार स्कूल बनने से इसके आगे निजी स्कूलों की चमक फीकी पड़ रही है। मसेनी स्थित फाइव स्टार बनाए गए प्राथमिक विद्यालय का नव वर्ष के अवसर पर बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी ने शुभारंभ किया। नई सुविधाएं देखने व उपयोग को मिलने से बच्चे भी काफी खुश थे।
बढ़पुर ब्लाक की शहर से सटी ग्राम पंचायत मसेनी स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम में पहले से चयनित है। जनपद के 21 फाइव स्टार स्कूलों में नामित इस विद्यालय का काम पूरा होने के साथ मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र पैंसिया ने बुधवार को शुुभारंभ किया। स्कूल में बच्चों को पेयजल के लिए आरओ लगाया गया।
बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट व वॉश बेसिन की व्यवस्था है। एक हाथ धुलाई स्टेशन बनाया गया। वहीं मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चों के बैठने के लिए कक्ष में सीमेंटेड टेबल व बेंच बनाई गई। इससे बच्चे बैठकर भोजन कर सकें। कक्षा कक्ष वाल पेंटिंग से सुशोभित किए गए। इससे बच्चे चित्र देखकर पढ़ना सीख सकें। स्कूल में एक हाइजिन कार्नर बनाया गया। यूनिसेफ के रिसोर्स पर्सन शांतनु की देखरेख में बने फाइवस्टार स्कूल का सीडीओ व डीडीओ दुर्गादत्त शुक्ला ने बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं आधुनिक सुविधाओं से स्कूल लैस देखकर बच्चे काफी खुश नजर आए। इस दौरान ग्राम प्रधान हर्षवर्धन सिंह आदि मौजूद रहे।