कमालगंज की कान्हा गोशाला में केयरटेकर से पूछताछ करते नोडल अधिकारी, सीडीओ, डीडीओ व अन्य।
- फोटो : रूसी नागरिकों से पूछताछ करते 50 शैया के ईएमओ डॉ. रविंद्र शाहू।
कमालगंज। कान्हा गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे नोडल अधिकारी को गोवंश सूखा भूसा खाते मिले। हरा चारा व दाना न होने पर नोडल अधिकारी ने नाराजगी जताई। अधिकारी ने सहभागिता में दी गई गोवंशों के पालकों के नंबर मांगे तो कर्मचारी नहीं दे सके।
नमामि गंगे तथा जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव डॉ. राजेश कुमार प्रजापति सीडीओ डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा, डीडीओ श्याम कुमार, एएडीएम गजराज सिंह के साथ शनिवार सुबह करीब 10:12 बजे देवरान गढ़िया स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचें। यहां उन्होंने अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार से गोवंशों की संख्या पूछी तो बताया गया कि 289 पशु हैं। उनकी देखभाल के लिए चार केयरटेकर महावीर, सूर्यकांत, विपिन व विकास दो शिफ्टों में रहते हैं।
गोशाला में बनी चन्नी देखी तो गोवंश सूखा भूसा खा रहे थे। हरा चारा व दाना न देख नोडल अधिकारी ने नाराजगी जताई। पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अनुज दुबे ने बताया कि गोवंशों के लिए चार चन्नी व पानी पीने को चार टैंक बने हैं।
अंदर जाकर देखने पर गंदगी मिली तो साफ कराने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने उपचार रजिस्टर, मृत्यु रजिस्टर देखा। रजिस्टर में अब तक 146 गोवंशों को मृत दिखाया गया। सहभागिता रजिस्टर देखने पर पता चला कि 54 गोवंशों को पालने के लिए लोगों को दिया है। उन्होंने सहभागिता में दिए गए गोवंशों के पालकों के नंबर मांगे तो कर्मचारी नहीं दे सके। गोबर के बारे में पूछने पर डॉ. अनुज ने बताया कि पिछले साल तीन लाख रुपये का गोबर नीलाम किया था। स्टॉक रुम में 10 बोरी पशुआहार मिला। स्टॉक रजिस्टर देखा तो वह व्यवस्थित नहीं मिला। उन्होंने गोशाला में सोलर पैनल लगवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर बीडीओ त्रिलोकचंद शर्मा, नगर पंचायत लिपिक अजय तिवारी, कुलदीप, लेखपाल अभय त्रिवेदी, अमित राठौर आदि रहे।