बिहार जाने वाली आलू रैक इंजन न मिलने के कारण रविवार को पूरे दिन सबसे
व्यस्ततम प्लेटफार्म नंबर 5 पर खड़ी रही। स्टेशन प्रबंधक जयप्रकाश श्रीवास
ने बताया कि टूंडला से इंजन मांगा गया था। इसके देर रात तक आने की संभावना
है।
आलू व्यापारियों ने बिहार आलू भेजने के लिए रेलवे रैक बुक कराई थी।
रैक 25 दिसंबर को उपलब्ध करा दी गई। इसे 27 दिसंबर की रात में बिहार के
लिए रवाना होना था लेकिन दो दिन की लोडिंग के बाद आलू व्यापारियों को
जानकारी हुई कि इंजन न आने के कारण रैक रवाना नहीं हो सकी।
व्यापारियों का
कहना है कि यह आलू कच्चे सीजन का है। ज्यादा दिन तक बंद रहा तो खराबी आ
सकती है। रैक न रवाना होने के बावत व्यापारियों ने स्टेशन प्रबंधक से
जानकारी की तो बताया गया कि टूंडला से किन्हीं कारणों से इंजन उपलब्ध नहीं
हो सका है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।
उन्होंने
बताया कि 28 दिसंबर की रात तक इंजन उपलब्ध होने का टूंडला से आश्वासन मिला
है। आलू रैक को सोमवार सुबह बिहार के लिए रवाना किया जाएगा।
दूसरे प्लेटफार्मों पर रोकी गईं सवारी ट्रेनें
मालगाड़ी
के खड़े होने से गोरखपुर-अहमदाबाद, उत्सर्ग एक्सप्रेस, लखनऊ-बांद्रा की
ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्मों पर रुकवाया गया। इसके चलते यात्रियों को
काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने प्लेटफार्म बदलने के
लिए पुल का प्रयोग न करके मालगाड़ी के बीच से ही निकलना मुनासिब समझा।