फोटो-14 एआरटीओ कार्यालय से लौटते काम कराने के लिए आए लोग। संवाद
- फोटो : poni news
फर्रुखाबाद। विगत 11 दिनों से एआरटीओ कार्यालय में काम बंद चल रहा है। अब सप्ताह में दो दिन ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए स्लॉट खोला गया है। इससे लाइसेंस बनवाने वालों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन वाहन संबंधी कोई कार्य न होने से वाहन स्वामियों को और इंतजार करना पड़ेगा।
सोमवार को भी एआरटीओ कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। लिपिक अपनी सीटों पर बैठे रहे। लाइसेंस पटल पर लिपिक स्थायी लाइसेंस के लिए स्लॉट न होने की बात आने वाले लोगों बता रहे थे। उधर, लोगों की परेशानी को देखते हुए कार्यालय से प्रत्येक बुधवार और बृहस्पतिवार को लाइसेंस के आवेदन बुक करने के लिए स्लॉट खोले गए। देखते ही देखते मिनटों में सभी सीटें भर गईं। लोगों को काफी आगे की तारीखें मिलने से उनके अस्थायी लाइसेंस की वैधता समाप्त होने की चिंता सताए जा रही है।
वहीं वाहन संबंधी अन्य कार्याें के लिए कोई भी स्लॉट न खुलने से लोगों को दिक्कत हुई। वाहन की फिटनेस, पंजीकरण स्थानांतरण, वैधता बढ़ाने संबंधी कार्याें के साथ ही अन्य कामों के लिए स्लॉट बंद हैं। पिकअप स्वामी नवाबगंज के राजेश कुमार ने बताया कि उनके वाहन की फिटनेस समाप्त होने से वह भाड़ा नहीं ले जा पा रहे हैं। फिटनेस कराने में तो पेनाल्टी देनी ही पड़ेगी, पकड़े जाने पर चालान भी होगा। वहीं, उलियापुर के संतोष ने भी जल्द ही वाहनों की फिटनेस शुरू कराने की मांग की।
एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि कार्यालय में आरआई और तकनीकी अधिकारी की तैनाती नहीं होने से काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरटीओ कानपुर को किसी सक्षम तकनीकी अधिकारी की कार्यालय में तैनाती अथवा संबद्धता के लिए पत्र लिखा है। जल्द ही किसी अधिकारी के तैनात होने की संभावना है। उसके बाद ही वाहनों संबंधी अन्य कार्य हो सकेंगे।