संवाद न्यूज एजेंसी
जहानगंज। किराया मांगने पर प्राइवेट बस चालक व परिचालक से मारपीट कर रुपये से भरा झोला लूट लिया गया। पुलिस ने तहरीर मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले को मारपीट का मान रही है।
फर्रुखाबाद से छिबरामऊ जा रही प्राइवेट बस के परिचालक जनपद कन्नौज की कोतवाली छिबरामऊ के गांव ऊधनपुर निवासी जर्मन ने बुधवार को एक यात्री से टिकट के लिए रुपये मांगे। इस पर युवक ने गालीगलौज कर परिचालक को धमकी दी। युवक ने थाना जहानगंज के गांव मुबारकपुर में बस में झगड़ा होने की सूचना दे दी। कुछ देर में ही एक बोलेरो व बाइकों पर सवार होकर युवक पहुंच गए। इन लोगों ने गांव ढिपिन के सामने बस रोककर परिचालक जर्मन व चालक के साथ मारपीट कर 6560 रुपये से भरा थैला लूट लिया। घायल जर्मन ने थाने में पांच नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा। तहरीर मिलते ही पुलिस ने गांव मुबारकपुर में हमलावरों की तलाश में दबिश देकर जांच शुरू कर दी। एसओ दिनेश गौतम ने बताया कि तहरीर मिली है पूरे मामले की जांच की जा रही है। मारपीट की बात सही है। लूट के मामला शुरुआती जांच में संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।