फर्रुखाबाद। सिविल अस्पताल लिंजीगंज में शनिवार सीएमओ ने बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ किया। जिले में दो लाख 43 हजार बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य है।
बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए टीकाकरण व विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाती है। इसके लिए 30 अगस्त तक बाल स्वास्थ्य पोषण माह चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.सतीश चंद्रा ने चार वर्षीय बच्ची राविया को खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नौ माह से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों को अभियान के तहत विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी।
विटामिन ‘ए’ की कमी से बच्चों को रतौंधी, नजर कमजोर होना, अंधापन का शिकार होने के साथ अन्य बीमारियों से भी ग्रसित हो सकते हैं। इससे बच्चों को विटामिन ए की खुराक देना जरूरी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा ने बताया कि प्रत्येक बुधवार व शनिवार को टीकाकरण के साथ विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। जिले में दो लाख 43 हजार बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.आरिफ़ सिद्दीकी, डॉ.दीपक कटारिया, डॉ.नवनीत गुप्ता, डॉ.ऋषि नाथ गुप्ता, राजीव चौहान आदि मौजूद रहे।