9 मोहल्लों के 8 हजार घरों में पेयजल संकट
फर्रुखाबाद। शहर के पलरिया मोहल्ले में पाइप लाइन फटने से नौ से अधिक मोहल्लों के 8 हजार घरों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। सड़क पर जलभराव हो गया। शाम तक पाइप लाइन ठीक न होने से लोग पेयजल के लिए परेशान रहे।
पटेल पार्क में दो पानी की टंकियां हैं। इनमें एक का संचालन जल निगम करता है। सुबह साढ़े आठ बजे आपूर्ति शुरू होने के साथ ही पलरिया के अमित मिश्रा के मकान के सामने पाइप लाइन फट गई। पानी की मोटी धार निकलने लगी। कुछ ही देर में सड़क तालाब में तब्दील हो गई। रेलवे रोड, पलरिया, दिलावरजंग, अमीन खां, किरन टाकीज के पीछे, सिंधी कालोनी, नुनहाई कटरा समेत नौ मोहल्लों के लगभग आठ हजार घरों की जलापूर्ति ठप हो गई।
जल निगम के अधिशासी अभियंता सुनील तिवारी का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। जेई अवध बिहारी पाठक ने कहा कि पटेलपार्क उनके जोन में नहीं आता है। लाइनें ठीक करने का काम चल रहा है। कोई दिक्कत है, तो उसे ठीक करवा दिया जाएगा।
वर्जन
‘शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब पाइप लाइन फटी थी। जल निगम का कौन सा जेई देख रहा है, पता नहीं चल रहा है। सुबह ही अधिशासी अभियंता को सूचना दे दी थी, उन्होंने शीघ्र मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।’
-सोहेल अली, जोन प्रभारी टाउन हाल, नगर पालिका