कॉलेज की जमीन पर प्लाटिंग की शिकायत, बैठी जांच
फर्रुखाबाद। कॉलेज की जमीन पर प्रबंधक द्वारा प्लाटिंग कराने की शिकायत पर जांच शुरू गई है। डीएम के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य को जांच दी है।
स्वामी रामानंद बालक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमित कुमार ने डीएम से शिकायत की थी। इसमें कहा कि प्रबंधक विनीत अग्निहोत्री विद्यालय की खाली पड़ी जमीन पर पौधरोपण करने के बजाय भूमाफियाओं से साठगांठ कर अवैध प्लाटिंग करा रहे हैं। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को जांच कराने का आदेश दिया है।
डीआईओएस डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के प्रधानाचार्य एपी सिंह को जांच अधिकारी बनाया है। उनको प्रकरण की जांच कर, साक्ष्यों के साथ रिपोर्ट जल्द देने का आदेश दिया है। प्रबंधक विनीत अग्निहोत्री ने बताया कि स्वामी रामानंद महाविद्यालय इंटर कॉलेज सोसाइटी है।
इसके तहत स्वामी रामानंद बालक इंटर कॉलेज और कर्नल ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज संचालित है। सोसाइटी की जमीन पर कुछ भूमाफिया अवैध तरीके से कब्जा कर रहे थे। समिति में प्रस्ताव पास होने के बाद जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा रहा है। रामानंद बालक इंटर कॉलेज की कृषि योग्य भूमि अलग है। प्लाटिंग कर कोई जमीन नहीं बेची गई है।