फर्रुखाबाद स्थित रेलवे कॉलोनी का जलभराव खत्म करने को साफ होता नाला।
- फोटो : FARRUKHABAD
नाला सफाई शुरू, रेलवे कालोनी में भरा है पानी
फर्रुखाबाद। रेलवे कालोनी में जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए नगर पालिका ने नाले की सफाई शुरू करवा दी है। इससे रेलवे कर्मियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
देवरामपुर रेलवे क्रासिंग के पास एक पुलिया के रास्ते नगर पालिका का पानी रेलवे लाइन की तरफ जा रहा था। इससे रेलवे लाइन के पास और विभाग की कालोनी में जलभराव हो गया है। सुबह के वक्त तो कई घरों में पानी घुसने लगता है। इससे कर्मचारी परेशान हैं। रेलवे अफसरों ने इसकी जिलाधिकारी से भी शिकायत की थी। इसके बाद शनिवार को ईओ के कहने पर रेलवे अफसरों ने पुलिया को बंद कर दिया था।
रविवार सुबह 10 बजे से देवरामपुर गांव के पश्चिम तरफ सड़क किनारे कच्चे नाले की सफाई शुरू कराई गई। जेसीबी से आधा नाला साफ हो गया है। नाला सफाई पूरी होने के बाद जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ईओ रविंद्र कुमार ने बताया कि नाला साफ हो रहा है। आधा काम हो गया। शेष सोमवार को कराया जाएगा।