डॉक्टर पॉजिटिव, लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी सील
फर्रुखाबाद। डा. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल के कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में आने लगे हैं। दो दिन हल्का बुखार आने के बाद शनिवार को एक ईएमओ की ट्रूनेट से जांच कराई गई। इसमें संक्रमित निकलने से हड़कंप मच गया। इमरजेंसी को तुरंत सील कर दिया गया। ईएमओ के संपर्क में रहे एक अन्य ईएमओ और कर्मचारी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
लोहिया अस्पताल की एक स्टाफ नर्स को कई दिन बुखार आने के बाद संक्रमित निकली थी। उसे सैफई मेडिकल कालेज में शिफ्ट किया गया। इमरजेंसी में भी इलाज चला था। गुरुवार को एक ईएमओ ने हल्के बुखार की शिकायत की। शनिवार को नमूना दिया। ट्रूनेट से सुबह 11 बजे आई रिपोर्ट में मामला संदिग्ध दिखा, तो दोबारा नमूना लिया गया।
उसमें भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसके बाद डाक्टरों ने सीएमएस के साथ बैठक की। सीएमएस डा. एसपी सिंह ने बताया कि फिलहाल इमरजेंसी को सील कर दिया गया है। ईएमओ को आइसोलेशन में रखा गया है। उनका दोबारा नमूना लेकर जांच को सैफई मेडिकल कालेज भेजा जाएगा। संपर्क में आए ईएमओ डा.अभिषेक चतुर्वेदी और ईएमओ के साथ रह रहे एक कर्मचारी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
ईएमओ की एल-1 में नहीं, अन्यत्र हो व्यवस्था
लोहिया अस्पताल के ईएमओ की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डाक्टर काफी चिंतित हैं। एल-1 अस्पतालों में व्यवस्थाएं खराब होने से उन्होंने ईएमओ को वहां भर्ती करने से इनकार कर दिया। सीएमएस के सामने मांग रखी कि आइसोलेशन वार्ड के ऊपर वाली फ्लोर पर अस्पताल के डाक्टरों के लिए व्यवस्था की जाए।
ईएमओ डा. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि इस मामले में जब सीएमओ वंदना सिंह से वार्ता हुई, तो उन्होंने साफ कहा कि हम अपने स्टाफ के लिए किसी होटल को भी ले सकते हैं। इस विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे।