सदर विधानसभा क्षेत्र की सेक्टर एवं बूथ कमेटी की बैठक के दौरान जिला
प्रभारी के सामने ही जिला प्रवक्ता को हटाने को लेकर जिलाध्यक्ष और महानगर
अध्यक्ष के बीच नोकझोंक होने लगी। महानगर अध्यक्ष ने यहां तक कह डाला कि
उन्हें पद का कोई लालच नहीं है। जिला प्रभारी ने मामला शांत कराया।
आवास
विकास स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर रविवार को सेक्टर एवं बूथ कमेटी
की बैठक बुलाई गई थी। इसमें जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह यादव और महानगर अध्यक्ष
विश्वास गुप्ता के बीच जिला प्रवक्ता मंदीप यादव को हटाने को लेकर नोकझोंक
होने लगी। महानगर अध्यक्ष प्रवक्ता को हटाने की पैरवी कर रहे थे जबकि
जिलाध्यक्ष का कहना था कि मंदीप तीन
साल से जिला प्रवक्ता हैं। उन्हें तो
जिलाध्यक्ष बने अभी चंद महीने हुए हैं। अभी तो वह उन्हें ठीक से समझ भी
नहीं पाए हैं। इसलिए उनको पद पर बने रहना चाहिए। बात बढ़ने पर महानगर
अध्यक्ष विश्वास गुप्ता ने कहा कि वह पद से हटकर भी पार्टी के लिए कार्य
करने को तैयार हैं। नोकझोंक होते देख जिला प्रभारी संतोष द्विवेदी ने मामले
को शांत कराया। उन्होंने कहा कि
आपस में तालमेल बैठाकर पार्टी को मजबूत
करें। जिला प्रभारी ने कहा कि सेक्टर प्रभारी व सह प्रभारी हर बूथ पर जाकर
कमेटी गठन करें। श्रम संविदा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सतीश दीक्षित ने कहा
कि बूथ कमेटी के गठन का कार्य काफी महत्वपूर्ण है। इसमें सभी सहयोग करें।
अनिल मिश्र ने भी संबोधित किया। जिला प्रवक्ता मंदीप यादव ने कहा कि वह
पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने पद के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।