सीएमओ कार्यालय स्थित आयुष्मान कक्ष का शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया। वहां साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाएं ठीक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। वहीं पुराना जिला अस्पताल में सड़क किनारे गंदगी के ढेर देख सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने नगरपालिका कर्मियों से सफाई कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र पैंसिया सुबह सीएमओ कार्यालय स्थित आयुष्मान कक्ष पहुंचे। वहां डा.अमित मिश्रा स्टाफ के साथ मौजूद थे। कक्ष में वायरिंग उखड़ी होने से बिजली के तार लटक रहे थे। शौचालय में पानी की सप्लाई भी नहीं मिली। कक्ष में पंखा, इनवर्टर व प्रिंटर के अलावा कुर्सियों के अभाव के साथ साफ-सफाई की भी व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं मिली।
कक्ष के सामने परिसर में गंदगी थी। इस पर सीडीओ ने कक्ष की व्यवस्थाएं ठीक कराने के साथ आयुष्मान योजना के प्रचार-प्रसार के लिए पंफ्लेट छपवाने व कक्ष के बाहर आयुष्मान का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद सीडीओ पुराना जिला अस्पताल (पोस्टमार्टम हाउस) की ओर गए तो सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे मिले।
वहीं परिसर में कई जगह गड्ढों में जलभराव, बड़ी-बड़ी घास व गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके साथ ही नगरपालिका कर्मचारियों को लगाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सीएमओ डा.चंद्रशेखर ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी आयुष्मान कक्ष का निरीक्षण करने आए थे। सभी कर्मचारी मौजूद मिले। सफाई व कुछ अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिन्हें ठीक कराया जाएगा। इस दौरान एसीएमओ डा.दलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।