संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। प्रशासन एक ओर जहां सख्त दिख रहा है, वहीं निशक्तों पर दया करने में भी पीछे नहीं हैं। सोमवार को फरियाद लेकर पहुंचे वृद्ध निशक्तों का दर्द सुनकर जिलाधिकारी भावुक हो गए। उन्होंने दोनों ट्राई साइकिल दी और मदद का पूरा भरोसा दिया। इससे फरियादियों के चेहरों पर मुस्कान आ गई।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह सोमवार को अपने कार्यालय में बैठकर फरियादियों की शिकायत सुन रहे थे। इसी बीच दोपहर में शहर के मोहल्ला कूंचा भवानीदास निवासी बुजुर्ग हरीओम तिवारी वहां पहुंचे और चलने में असमर्थता जताते हुए उन्होंने ट्राई साइकिल की मांग की। कुछ ही देर में मोहल्ला नवाब दिलावरजंग निवासी निशक्त बुजुर्ग अबरार भी फरियाद लेकर पहुंच गए।
उन्होंने अपनी गरीबी की दास्तां सुनाकर जिलाधिकारी से प्रधानमंत्री आवास की मांग की। दोनों की फरियाद सुनकर जिलाधिकारी भावुक हो गए और उन्होंने दोनों को एक-एक ट्राई साइकिल दिया। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि जरूरतमंद देखकर दोनों निशक्तों को ट्राई साइकिल दी है। अबरार को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवास का लाभ देने के निर्देश दिए हैं।