फर्रुखाबाद। श्री सिद्धपीठ धाम बाबा भैरवनाथ मंदिर में आयोजित बाबा भैरवनाथ के जन्मोत्सव पर आस्था का सैलाब उमड़ा। पहले हवन व भंडारा हुआ। शाम को श्रद्धालुओं ने केक काटकर बाबा का जन्मदिन मनाया। देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।
मंगलवार को बाबा भैरवनाथ के जन्मोत्सव के लिए अमेठी कोहना स्थित श्री सिद्धपीठ धाम बाबा भैरवनाथ मंदिर को रंग-बिरंगी झालरों व फूलों से भव्यता के साथ सजाया गया था। सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। हवन में मुख्य अतिथि डॉ. शेखर बाजपेई, बाबा भैरवनाथ रीलिजियस एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश शिवानी राजू, इंडियन ऑयल के उप महाप्रबंधक मोहिंदर कुमार, हरीश दादवानी, रूपचंद्र शिवानी, अनिल पांडेय, वेदप्रकाश गुप्ता आदि ने आहुतियां डालीं।
आरती के बाद मंदिर के पिछले हिस्से के प्रांगण में भंडारा शुरू हुआ। महिलाओं और पुरुषों के लिए भंडारे की अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। शाम को केक काटा गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बाबा भैरवनाथ के जयकारे लगाए। देर शाम तक मंदिर में बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालु आते रहे।
बाबा भैरवनाथ के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने हनुमान गढ़ी पहुंचकर महाबली हनुमान के भी दर्शन किए। इस अवसर पर चैतन्य रस्तोगी, किशनचंद्र गुप्ता, रमाशंकर चित्रांश, गोपाल दीक्षित, लक्ष्मी पांडेय, कुमकुम शिवानी, मनीष दीक्षित, राधा देवी, अवधेश ठाकुर, सुनीता दीक्षित व डब्बू गुप्ता आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने नहीं लगने दिया जाम
कार्यक्रम के मद्देनजर मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी, जिसको लेकर मंदिर के बाहर जाम की स्थिति बन गई। मंदिर के पास ही बनी पुलिस चौकी में तैनात सिपाहियों ने जाम खुलवाया। पुलिस लोगों के वाहन मंदिर के पास खाली पड़ी जगह पर खड़े करवाती रही।