फर्रुखाबाद। शहर की सूरत बदलने के लिए तैयार किए गए मास्टर प्लान पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। योजना के तहत, लालगेट से फतेहगढ़ चौराहे तक के मुख्य मार्ग की चौड़ाई करीब 30 मीटर की जाएगी। पांच फीट की ग्रीन बेल्ट बनेगी। ठंडी सड़क को 25 मीटर और शहर की अन्य सड़कों को 13 मीटर तक चौड़ा करने की योजना तैयार की गई है।
शहर में वर्ष 1985 के बाद अब मास्टर प्लान पर काम शुरू होने जा रहा है। नये मास्टर प्लान में कई नई सड़कें जोड़कर उनकी चौड़ाई भी बढ़ाने की तैयारी है। सड़क के बाद दोनों ओर करीब पांच-पांच फीट की ग्रीन बेल्ट छोड़ी जाएगी।
इसमें लगने वाले पौधों से न सिर्फ शहर की खूबसूरती बढ़ेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। शहर के अंदर की सड़कों की चौड़ाई करीब 13 मीटर रहेगी। जबकि ठंडी सड़क की चौड़ाई 25 मीटर रखने के बाद ग्रीन बेल्ट अलग से छोड़ी जाएगी। लालगेट से फतेहगढ़ चौराहे तक के मार्ग की चौड़ाई 30 मीटर रहेगी।
इसमें खास बात यह है कि नेकपुर से भोलेपुर तक दक्षिण दिशा में रेलवे लाइन निकली है। इससे सड़क की चौड़ाई उत्तर दिशा की ओर ही बढ़ाई जाएगी। अतिक्रमण की जद में आने वाले भवनों व दुकानों पर बुलडोजर चलना तय माना जा रहा है। सर्वाधिक चौड़ा मार्ग कादरीगेट से पांचालघाट तक 45 मीटर का है, इसकी चौड़ाई और बढ़ाई जाएगी।
नये मास्टर प्लान में शामिल कुछ सड़कों की चौड़ाई एक जून को होने वाली अधिकारियों की बैठक में ही सामने आ सकेगी। फिलहाल इस बार अधिकांश सड़कों की चौड़ाई का विस्तार करने की तैयारी है। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने बताया कि एक जून को होने वाली बैठक में शासन से तय की गई सड़कों की चौड़ाई की जानकारी हो सकेगी। इस बार सड़कों को न सिर्फ चौड़ा किया जाएगा बल्कि शहर की खूबसूरती बढ़ाने पर भी काम होगा।