गांव सिरमौरा बांगर के डेंगू पीड़ित 10 वर्षीय बालक की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन दिन बुखार से जूझने के बाद पिता ने उसे मंगलवार की शाम सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। जहां बुधवार की रात उसकी मौत हो गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सिरमौरा बांगर निवासी राजेश जाटव का पुत्र विजय (10) बीते रविवार से बुखार आ रहा था। तेज बुखार पर उसे मंगलवार को कसबे के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। यहां से डॉक्टर ने बालक को सैफई ले जाने की सलाह दी। मंगलवार की शाम को राजेश ने बेटे विजय को सैफई मेडिकल में भर्ती कराया। वहां हुई जांचों में बालक को डेंगू होने की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान बुधवार की रात बालक की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह बालक का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। पिता ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। पुत्र के उपचार के लिए जमीन गिरवी रखी, फिर भी उसकी जान नहीं बचा पाया।