फोटो-35 कमालगंज मंडी में आलू बेचते किसान। संवाद
कमालगंज। बाहर की मंडियों में होली त्योहार को लेकर बड़े साइज के आलू की मांग बढ़ी है। चिप्स-पापड़ के लिए बड़े साइज के आलू का उपयोग होता है। भाव में भी सुधार हो रहा है। अच्छा आलू 662 रुपये क्विंटल तक बिका।
कानपुर, सुलतानपुर, आजमगढ़, मऊ आदि मंडियों में बड़े साइज के आलू की मांग बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि होली पर घर-परिवारों में चिप्स व पापड़ के कई आइटम तैयार किए जाते हैं। इसमें बड़े साइज का आलू ही उपयोग में लाया जाता है। इसलिए बड़ा छट्ठा आलू मंडी में व्यापारियों की पसंद बन रहा है। इसके साथ ही शीतगृहों में भंडारण के लिए भी बड़ा आलू खरीदा जा रहा है। कर्नाटक व तमिलनाडु की मंडियों में भेजने के लिए साफ-सुथरा बड़ा आलू लिया जा रहा है। इसका भाव 331 रुपये पैकेट यानी 662 रुपये क्विंअल तक रहा। जबकि कमजोर छट्टा आलू 260 से 280 रुपये पैकेट बिका। चेचक, घुघिया व छोटा-बड़ा गड्ड आलू की खरीद 120 से 200 रुपये पैकेट की गई। मंगलवार को मंडी में आलू की आमद बढ़कर आठ हजार पैकेट पहुंच गई।