कायमगंज। दिल्ली से चलकर अपने अपने गांव पहुंचे करीब डेढ़ दर्जन लोगों को ग्रामीणों ने कोरोना के खौफ से गांव में घुसने से रोक दिया। स्पेशल फ्लू कैंप में पहुंचे मरीजों की लाइन लग गई। दो मरीजों को बुखार खांसी होने पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर भी घबरा गए। बाद में उनकी जांच कर दवा दी गई।
देश भर में लॉकडाउन होने पर दिल्ली में काम करने वाले लोग अपने घरों को पैदल ही चल दिए। बीच-बीच में सवारी का सहारा लेकर गांव लालपुर व कटरी क्षेत्र के गांव आजमपुर में लोग अपने घरों पर पहुंचे तो गांव वालों ने इन्हें रोक दिया और कहा पहले जांच कराकर आओ, एलवाई डिग्री कालेज में चल रहे स्पेशल फ्लू कैंप में ये लोग जांच कराने पहुंचे तो वहां लंबी लाइन लग गई। इसमें सभी की नॉनकांटेक्ट थर्मामीटर से जांच की गई। डेढ़ से अधिक मरीजों की जांच के बाद चार मरीजों में बुखार व खांसी के लक्षण पाए गए। इन्हें डॉक्टर के पास भेजा गया तो ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए और कहा कि वे खुद शुगर के मरीज हैं। ऐसे मरीज को बिना साधनों के उनके पास न भेजें। व्यवस्था में मौजूद डॉक्टर विकास शर्मा व कानूनगो सतेंद्र कटियार ने कहा कि आप इन्हें फिलहाल दवा दे दीजिए। आगे व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद उन्हें दवा दी गई और घर में आइसोलेट करने के लिए कहा गया।